बजट भाषण के बाद 70% लोग बोले- महंगाई बढ़ेगी, 58% बजट से नाखुश, 42% लोग संतुष्ट
बजट से बाजार तो बेहद खुश है, लेकिन लोग नाराज नजर आ रहे हैं। दैनिक भास्कर के सर्वे में यह बात सामने आई है। भास्कर के सर्वे में 70% लोगों ने बजट को महंगाई बढ़ाने वाला बताया। 58% लोग इसको खराब बजट कह रहे हैं। इनमें मध्यप्रदेश, गुजरात और बिहार के लोग भी शामिल हैं, जहां भाजपा की सरकार है।
सोमवार को संसद में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का बजट भाषण खत्म होने के तुरंत बाद भास्कर ने देशभर में ऑनलाइन और ऑफलाइन सर्वे किया। इसमें लोगों से दो सवाल पूछे गए। पहला- क्या आप इस बजट से संतुष्ट हैं? दूसरा- क्या इस बजट से आप पर महंगाई की मार पड़ेगी?
ऑनलाइन सर्वे के लिए गूगल फॉर्म और सोशल मीडिया की मदद ली गई। वहीं, ऑफलाइन सर्वे राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, पंजाब, चंडीगढ़, झारखंड, महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश में किए गए। इस सर्वे में करीब 12 हजार लोगों की प्रतिक्रिया शामिल है।
सर्वे में शामिल ज्यादातर लोगों ने इस बात पर नाराजगी जताई कि सरकार के इस बजट से उन्हें कुछ नहीं मिला। नए बजट में प्राइवेटाइजेशन को बढ़ावा दिया गया है। टैक्स को लेकर कुछ नया नहीं किया। पेट्रोल और डीजल की कीमतें भी लगातार बढ़ रही हैं। बढ़ती महंगाई का असर उनकी खाने की थाली पर भी होगा।
राजनीति के गलियारों से भी आए बजट पर रिएक्शन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहां बजट के दिल में किसान को बताया, तो राहुल गांधी ने कहा कि सरकार की योजना गरीबों का पैसा पूंजीपतियों को सौंपने की है।
मजदूरों, किसानों और बेरोजगारों के साथ धोखा: चिदंबरम
चिदंबरम ने कहा कि वित्त मंत्री ने गरीबों, कामकाजी समाज, मजदूरों, किसानों, बंद हो चुकी औद्योगिक इकाइयों और बेरोजगार लोगों को धोखा दिया है। उन्होंने उन सभी लोगों के साथ धोखा किया है, जिन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी कि पेट्रोल और डीजल समेत कई उत्पादों पर सेस लगा दिया गया है। वित्त मंत्री ने अपने भाषण में डिफेंस समेत कई अहम मुद्दों का उल्लेख नहीं किया।
बजट जनता विरोधी : ममता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बजट को जनता विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र हमेशा से झूठ बोलता आया है। भारत के पहले पेपरलेस बजट में लगभग सभी सेक्टर्स को बेच दिया गया। इसमें असंगठित क्षेत्र के लिए कुछ भी नहीं है।
बजट में दिल्ली के साथ धोखा : सिसोदिया
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बजट में दिल्ली के साथ धोखा किया गया। दिल्ली को सिर्फ 325 करोड़ रुपए दिए हैं। दिल्ली को पिछले 17 सालों से केंद्र सरकार 325 करोड़ रुपए देती आई है। एक रुपए भी नहीं बढ़ाया। उम्मीद थी कि कोरोना काल में पैसा बढ़ाकर दिया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी पोस्ट करें